




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर (हमीरपुर) के विद्यार्थियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि हासिल कर संस्थान को गौरवान्वित किया है।




विद्यालय के कक्षा बारहवीं के मेधावी छात्र साश्वत शर्मा ने जेईई मेन पेपर–2 बी (प्लानिंग) परीक्षा में 98.50 पर्सेंटाइल प्राप्त करते हुए हिमाचल प्रदेश में प्रथम स्थान अर्जित किया। साश्वत की इस शानदार सफलता से विद्यालय, अभिभावकों तथा पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का वातावरण है।








साश्वत शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, अनुशासन, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा माता-पिता के सहयोग को दिया। उनका कहना है कि स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण, समय का सदुपयोग और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी हैं।



उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है और यह सिद्ध करती है कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।



इस उल्लेखनीय सफलता के साथ-साथ विद्यालय के पाँच से अधिक विद्यार्थियों ने इस वर्ष जेईई मेन पेपर–2 बी (प्लानिंग एवं आर्किटेक्चर) परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है। यह उपलब्धि संस्थान की सुदृढ़ शैक्षणिक परंपरा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा समर्पित मार्गदर्शन को दर्शाती है।


विद्यालय में विद्यार्थियों के बौद्धिक, नैतिक और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिसके परिणामस्वरूप छात्र राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

विद्यालय के समर्पित शिक्षकों एवं संकाय सदस्यों के सतत प्रयासों ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संस्थान के निदेशक इंजीनियर पंकज लखनपाल, प्रधानाचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल तथा अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा ने इस उपलब्धि पर साश्वत, उनके अभिभावकों और समस्त शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कठोर साधना, आचार्यों के समर्पण तथा अभिभावकों के विश्वास का प्रतिफल है।
विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी विद्यार्थी इसी प्रकार उत्कृष्ट उपलब्धियाँ अर्जित कर संस्थान तथा प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर आलोकित करते रहेंगे।
साश्वत शर्मा की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, अपितु समूचे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है तथा भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।



