स्पॉटेड एरिया में नशा माफिया पर कसा शिकंजा

सुजानपुर/हमीरपुर:-  नशा निवारण समिति सुजानपुर ने आज शहर के स्पॉटेड एरिया में जोरदार निरीक्षण अभियान चलाकर नशा फैलाने वालों पर सख्त संदेश दिया। ऐतिहासिक स्थल टिहरा किला सहित आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और युवाओं से सीधा संवाद किया।

प्रो. राजीव ठाकुर और ASI नीलम ठाकुर की दो टूक — “सुजानपुर को नशा मुक्त बनाकर रहेंगे”

इस विशेष अभियान में नशा निवारण समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर राजीव ठाकुर,सुजानपुर पुलिस की ASI नीलम ठाकुर, कांटेबल राकेश कुमार, नगर परिषद कार्यालय प्रभारी सिनत देवी और नशा विरोधी अभियान की युवा प्रतिनिधि पत्रकार मिस बिंदिया ठाकुर सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। टीम की सक्रियता से स्पष्ट नजर आया कि अब नशा फैलाने वालों पर शिकंजा कसना शुरू हो चुका है।

 

कार्यक्रम के दौरान प्रोफेसर राजीव ठाकुर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को कमजोर कर देता है। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा, “युवा शक्ति अगर सही दिशा में चले तो समाज बदल सकता है। नशा छोड़ना ही असली बहादुरी है।” उनके शब्दों ने उपस्थित युवाओं को गहराई से प्रभावित किया।

 

वहीं ASI नीलम ठाकुर ने भी सख्त लहजे में कहा कि पुलिस प्रशासन नशे के खिलाफ पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

उन्होंने युवाओं से अपील की कि अगर उन्हें कहीं भी नशे से जुड़ी गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने यह भी कहा कि समाज और पुलिस के सहयोग से ही इस बुराई को जड़ से खत्म किया जा सकता है।

निरीक्षण के दौरान कई युवा लड़के-लड़कियों और अभिभावकों ने भी अपने विचार रखे और नशा मुक्त सुजानपुर बनाने का संकल्प लिया। समिति की इस मुहिम से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है और लोगों में जागरूकता बढ़ी है।

नशा निवारण समिति ने साफ कर दिया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में अन्य चिन्हित स्थानों पर भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
अंत में सभी ने एक स्वर में नारा लगाया —
“नशा छोड़ो, भविष्य जोड़ो — सुरक्षित युवा, सशक्त सुजानपुर!”

[post-views]