स्कूल में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का उत्साहपूर्वक आयोजन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर परिसर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस बड़े उत्साह एवं वैज्ञानिक चेतना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और खोज की भावना को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सी. वी. रमन को स्मरण करते हुए की गई जिनकी महान खोज रमन प्रभाव के सम्मान में प्रतिवर्ष 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी,पोस्टर मेकिंग, क्विज , मैथ ओलंपियाड, साइंस ओलंपियाड , स्लोगन राइटिंग, प्रश्नोत्तरी तथा भाषण प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया ।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य मुश्ताक मोहम्मद ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग है और विद्यार्थियों को तार्किक सोच तथा नवाचार की दिशा में निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।

 

उन्होंने छात्रों को वैज्ञानिक बनने के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में संचालित किए जाने वाले सभी विज्ञान से जुड़े कार्यक्रमों की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई ।

 

 

कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना एवं पुरस्कार वितरण के साथ किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प लिया गया।

[post-views]