युवा चेंजमेकर्स के 10 हज़ार रजिस्ट्रेशन पूरा होना कार्यक्रम की लोकप्रियता का प्रमाण: अनुराग सिंह ठाकुर

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के युवाओं को राजनीति, पॉलिसी और नेतृत्व की अगली पीढ़ी के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से शुरू किए गए अपने निजी लीडरशिप फेलोशिप कार्यक्रम Yuva ChangeMakers के प्रदेश भर में 10,000 रजिस्ट्रेशन पूरे होने पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने इसे कार्यक्रम की सफलता और लोकप्रियता का प्रमाण बताया।

 

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी वाला देश है और भारतीय जनता पार्टी तथा मोदी सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने और भविष्य का नेतृत्व तैयार करने के लिए कृतसंकल्पित है।

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार एक लाख युवाओं को राजनीति में लाने की बात कर चुके हैं। हिमाचल प्रदेश के युवाओं को राजनीति में भागीदारी के लिए प्रेरित करने, सार्वजनिक नीति के प्रति उनकी समझ विकसित करने, नेतृत्व की नई पीढ़ी तैयार करने तथा उनकी क्षेत्रीय और राष्ट्रीय भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से 23 जनवरी को Yuva ChangeMakers नामक लीडरशिप फेलोशिप कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी।

 

 

इस कार्यक्रम के माध्यम से राजनीति में दक्ष, शासन की समझ रखने वाला, नीतिपरक और सामाजिक रूप से संवेदनशील नेतृत्व तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। यह पहल राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने वाले जिम्मेदार, जागरूक और आत्मविश्वास से भरपूर युवाओं को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि हिमाचल प्रदेश के कोने-कोने से युवाओं ने Yuva ChangeMakers कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए 10,000 रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा पार कर लिया है। राष्ट्रनिर्माण और सार्वजनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए युवाओं की इतनी बड़ी भागीदारी उत्साहजनक है।

 

 

कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित शीर्ष 21 फेलो को प्रत्येक को 1.21 लाख रुपये की स्टाइपेंड के साथ प्रशिक्षण, बूट कैंप और फील्ड एक्सपोजर प्रदान किया जाएगा। ये फेलो ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में कार्य करते हुए समुदायों से जुड़ेंगे, स्थानीय मुद्दों का अध्ययन करेंगे और यह विश्लेषण करेंगे कि सार्वजनिक नीति हिमाचल प्रदेश को 2047 तक पूर्ण विकसित राज्य बनाने में किस प्रकार सहायक हो सकती है।

 

अनुराग सिंह ठाकुर ने आशा व्यक्त की कि इस पहल का मॉडल अन्य राज्यों में भी दोहराया जाएगा और युवा कैंपस फेलोशिप, इंटर्नशिप तथा जमीनी स्तर की परियोजनाओं के माध्यम से राष्ट्रनिर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

 

 

[post-views]