नन्हें सितारों की चमक: ‘जादुई पिटारा’ प्रदर्शनी के साथ परिणाम दिवस बना यादगार

हमीरपुर:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकास नगर हमीरपुर में बाल वाटिका से कक्षा दूसरी तक के 147 विद्यार्थियों के परिणाम बड़े हर्षोल्लास के साथ घोषित किए गए। यह दिन नन्हे बच्चों की सीखने की यात्रा का एक महत्वपूर्ण और गर्वपूर्ण पड़ाव रहा।

इस अवसर को और भी खास बनाया विद्यालय के सभागार में आयोजित ‘जादुई पिटारा’ प्रदर्शनी ने। शिक्षकों द्वारा बड़े ही सृजनात्मक ढंग से तैयार किए गए इस विशेष शिक्षण किट में बच्चों के लिए रोचक गतिविधियाँ और नवाचारपूर्ण शिक्षण सामग्री प्रस्तुत की गई, जो उनकी बुनियादी क्षमताओं को मनोरंजक और प्रभावी तरीके से सुदृढ़ करती हैं।

प्रदर्शनी ने अनुभवात्मक अधिगम की भावना को जीवंत रूप से प्रदर्शित किया, जिसने अभिभावकों और विद्यार्थियों दोनों को अत्यंत प्रभावित किया। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान, सराहना और उपलब्धि की भावना पूरे वातावरण में झलक रही थी।

विद्यालय प्रधानाचार्या इंजीनियर श्रीमती नैना लखनपाल ने शानदार परीक्षा परिणाम पर सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि, “हमारा उद्देश्य बच्चों में प्रारंभिक स्तर से ही सीखने के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का विकास करना है, ताकि वे भविष्य में हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।” मूल्यांकन और रचनात्मकता का यह सुंदर संगम वास्तव में प्रारंभिक शिक्षा की आनंदमयी झलक प्रस्तुत करता है।

 

[post-views]