




सिरमौर/राजगढ़ :- सिरमौर जिले में हरिपुरधार-नौहराधार राजगढ मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया।



यह हादसा चाढ़ना के समीप उस समय हुआ जब एक स्विफ्ट कार (HP88A-6058) अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी हरिपुरधार की टीम घटनास्थल पर पहुंची।









प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दुर्घटना के समय वाहन में तीन लोग सवार थे। मृत*कों की पहचान गुलशन (18), निवासी जिला सिमडेगा, झारखंड, और नरेश कुमार (29), निवासी कुपवी, जिला शिमला के रूप में हुई है।


वहीं, कार चालक विपिन (29), निवासी जिला कांगड़ा, इस हादसे में घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए नौहराधार अस्पताल भेजा गया है। उधर, मृतकों के शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ अस्पताल भेजा गया है।
हादसे की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुनील राणा ने बताया कि इस दुर्घटना में दो युवकों की मौत और एक घायल हुआ है। जिसे उपचार के लिए नौहराधार अस्पताल भेजा गया है।


वहीं, तहसीलदार विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के परिजनों को 25 हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।




