




पश्चिम-बंगाल/विवेकानंद वशिष्ठ :- पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतर्गत दक्षिण दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर विधानसभा में आयोजित विशाल जनसभा और रोड शो को संबोधित करते हुए कहा कि ममता दीदी भारत के इतिहास की इकलौती ऐसी मुख्यमंत्री हैं, जो खुलेआम जांच एजेंसियों के काम में बाधा डालती हैं और अपराधियों को बचाती हैं।



टीएमसी बनी टेरर, मर्डर और क्राइम कॉकटेल पार्टी: अनुराग सिंह ठाकुर








उन्होंने कहा कि बंगाल अब टीएमसी के कुशासन से मुक्ति पाने और सुशासन की भाजपा सरकार लाने के लिए तैयार है। इसके अतिरिक्त अनुराग सिंह ठाकुर ने इस्लामपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी चित्रजीत राय, चोपड़ा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी शंकर अधिकारी तथा चकोलिया विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी मनोज जैन का नामांकन कराते हुए उन्हें विजय की शुभकामनाएं दीं।




नॉर्थ बंगाल के साथ टीएमसी, कांग्रेस और लेफ्ट ने किया भेदभाव: अनुराग सिंह ठाकुर

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आज बंगाल असुरक्षा के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। बंगाल में बेटियां, बच्चे, व्यापारी, राजनीतिक कार्यकर्ता और यहां तक कि न्यायपालिका भी सुरक्षित नहीं है।



पूरे प्रदेश में डर का माहौल है और टीएमसी टेरर, मर्डर और क्राइम की कॉकटेल पार्टी बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि यह विधानसभा चुनाव बांग्ला स्वाभिमान, संस्कृति और अस्तित्व की रक्षा का चुनाव है। बंगाल में लंबे समय से बांग्लादेशी घुसपैठ जारी है और कांग्रेस, कम्युनिस्ट व टीएमसी ने योजनाबद्ध तरीके से घुसपैठ को बढ़ावा दिया है क्योंकि ये उनके लिए वोट बैंक हैं।
राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय कट-मनी वसूली का तंत्र खड़ा किया गया है और कई मंत्री व नेता भ्रष्टाचार के मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि टीएमसी भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और अहंकार की सभी सीमाएं पार कर चुकी है और बंगाल को अपराधियों की जागीर बना दिया गया है। जो जितना बड़ा अपराधी है, उसे उतना बड़ा पद और टिकट दिया जाता है। स्कूल-कॉलेज तक में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और पीड़ितों को न्याय के लिए अदालतों के चक्कर काटने पड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि कम्युनिस्ट और टीएमसी ने पिछले पांच दशकों में बंगाल को कुशासन और दु:शासन दिया है, जबकि अब प्रदेश को सुशासन की आवश्यकता है, जो केवल भाजपा दे सकती है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि ममता दीदी को चुनाव में हार का डर सता रहा है। नंदीग्राम सीट छोड़ना, बड़ी संख्या में विधायकों के टिकट काटना और विभिन्न पदों से इस्तीफा देना इस बात का प्रमाण है कि बंगाल में टीएमसी जा रही है और भाजपा आ रही है।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अब एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि अपराधी गिरोह का केंद्र बन गई है। मालदा में एसआईआर कार्य के दौरान उत्पन्न स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सात न्यायिक अधिकारी, जिनमें चार महिलाएं शामिल थीं, घंटों तक घेराव में फंसे रहे और राज्य प्रशासन मूकदर्शक बना रहा, जो कानून-व्यवस्था की गिरावट को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि नॉर्थ बंगाल के साथ टीएमसी, कांग्रेस और लेफ्ट ने लंबे समय तक भेदभाव किया है, जबकि भाजपा के पास इसके विकास के लिए स्पष्ट रोडमैप है। भाजपा ‘टी, टूरिज्म, ट्रांसपोर्ट और टिम्बर’ से जुड़े क्षेत्रों को बढ़ावा देने पर कार्य कर रही है।
छोटे चाय उत्पादकों को किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ा गया है तथा सिंचाई सुविधाओं के लिए आर्थिक सहायता दी गई है। चाय बागान के श्रमिकों को सीधे खाते में भुगतान सुनिश्चित करने की दिशा में भी कार्य हुआ है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार 516 किलोमीटर लंबा खड़गपुर-सिलीगुड़ी इकोनॉमिक कॉरिडोर बना रही है और बागडोगरा हवाई अड्डे के विकास के लिए 1,800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि आवंटित की गई है।
हासीमारा में सिविल एयरपोर्ट के निर्माण, एशियन हाईवे-48 और नेपाल-भूटान-बांग्लादेश को जोड़ने वाली परियोजनाओं पर कार्य जारी है, जिससे उत्तर बंगाल को ग्लोबल ट्रेड हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही सेवोक-रंगपो रेल लिंक पर 12,474 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।




