




हमीरपुर:- पुनर्गठन एवं विभाजन से प्रभावित जिला की 24 ग्राम पंचायतों- ग्राम पंचायत बड़ा, कोटला चिल्लियां, जलाड़ी, उट्टप, गाहली, टिल्लू, चमराल, नघूं, लंजयाणा, उटपुर, पुरली, समीरपुर, संगरोह कलां, खरवाड़, कड़ोहता, भौंखर, जख्योल, दसमल, री, चबूतरा, करोट, दाड़ला, बलेहू और बड़ेई की मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशित करके इन्हें आम जनता के निरीक्षण के लिए संबंधित पंचायत कार्यालयों, पंचायत समितियों, जिला परिषद और जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) कार्यालय में उपलब्ध करवा दिया गया है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इन प्रारूपों की अर्हक तिथि एक अप्रैल 2026 है। यानि इस तिथि को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र लोगों के नाम मतदाता सूचियों में शामिल किए जा सकते हैं।



उन्होंने बताया कि इन पुनगर्ठित पंचायतों की मतदाता सूचियों के प्रारूप में अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूट गया है तो वह अपना दावा निर्धारित प्रपत्र पर 13 अप्रैल तक संबंधित पुनरीक्षण अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी के समक्ष स्वयं या अपने अभिकर्ता के माध्यम से प्रस्तुत कर सकता है अथवा पंजीकृत डाक से भेज सकता है। इसी प्रकार, अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए आपत्तियां भी 13 अप्रैल तक निर्धारित पत्र पर पुनरीक्षण अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती हैं।





गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि पुनरीक्षण अधिकारी 17 अप्रैल तक सभी दावों और आपत्तियां का निपटारा करेंगे। पुनरीक्षण अधिकारी के निर्णय के विरुद्ध अपीलें 24 अप्रैल तक स्वीकार की जाएंगी, जिनका निपटारा 27 अप्रैल तक करके इन पंचायतों की मतदाता सूचियों को अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया जाएगा।












