




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हमीरपुर प्रेस क्लब में एक आत्मीय एवं गरिमामय बैठक का आयोजन किया गया। क्लब के अध्यक्ष अधिवक्ता सुशील कुमार की अगुवाई में लगभग बीस सक्रिय सदस्यों ने दिल्ली से पधारे वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक प्रो. एस.एस. डोगरा का गर्मजोशीपूर्वक स्वागत किया।

अध्यक्ष सुशील कुमार ने उपस्थित सभी सदस्यों का परिचय कराया तथा प्रो. डोगरा का परिचय देते हुए बताया कि वे हमीरपुर के गांव डेरा परोल के मूल निवासी हैं और राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुके हैं।




इस अवसर पर ठाकुर राम सिंह इतिहास शोध संस्थान, नेरी के निदेशक डॉ. चेत राम गर्ग का भी विशेष स्वागत किया गया।








बैठक के दौरान पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा हमीरपुर प्रेस क्लब के लिए हाल ही में आबंटित भूमि, क्लब की भावी योजनाओं, पत्रकार कल्याणकारी पेंशन योजना तथा प्रस्तावित क्लब भवन के शिलान्यास एवं निर्माण कार्य को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।



इस अवसर पर प्रो. एस.एस. डोगरा ने अध्यक्ष सुशील कुमार एवं हमीरपुर प्रेस क्लब के समस्त सदस्यों द्वारा प्रदान किए गए सम्मान और आत्मीय आतिथ्य के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। यह बैठक पत्रकारिता के क्षेत्र में सहयोग, संवाद और विकास की दिशा में एक सकारात्मक पहल सिद्ध हुई।







