छात्र हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं – एबीवीपी का विश्वविद्यालय में जोरदार धरना प्रदर्शन

शिमला/विवेकानंद वशिष्ठ :- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई द्वारा आज विश्वविद्यालय परिसर में छात्र हितों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर एक जोरदार धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस धरने में बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति अपना रोष प्रकट किया।

धरने के दौरान इकाई सह सचिव अभिषेक शर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में मूलभूत सुविधाओं का अभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से बसों की अपर्याप्त सुविधा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दूर-दराज़ क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

 

इसके साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय में डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण की मांग उठाई, ताकि छात्रों को आधुनिक अध्ययन संसाधन उपलब्ध हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि परिसर में पार्किंग सुविधा का अभाव छात्रों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है, उन्होंने फ्री वृद्धि के ऊपर भी विरोध जताया और कहा कि इस बेबुनियाद निर्णय को वापिस लिया जाया, जिस पर प्रशासन को तुरंत ध्यान देना चाहिए।

वहीं, इकाई अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय प्रशासन की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने फीस वृद्धि के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि लगातार बढ़ती फीस से आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, जो शिक्षा के अधिकार के खिलाफ है। उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय में सभी छात्रों को छात्रावास की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिसके कारण कई छात्रों को निजी आवासों में महंगे किराए पर रहना पड़ता है।

अक्षय ठाकुर ने हॉस्टल में भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को भी उजागर किया और कहा कि हर विभाग को अपनी आधारभूत सुविधाएं एवं संसाधन उपलब्ध कराए जाने चाहिए, ताकि शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनाया जा सके।

धरने के अंत में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो परिषद आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्र हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में सहन नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर छात्र अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

[post-views]