




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- विकासखंड टोनी देवी के अंतर्गत आने वाले आंगनवाड़ी केंद्र वलोह-2 में पोषण पखवाड़ा बड़े उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रेष्ठ कुमारी मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष ललित जायसवाल ने की।




अध्यक्ष ललित जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि 3 वर्ष से 6 वर्ष तक के बच्चों को संतुलित आहार की सही जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए ट्रस्ट की ओर से फल भी वितरित किए, जिससे बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़े।










इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नीलिमा देवी ने बताया कि पोषण पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य समाज से कुपोषण को समाप्त करना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।


उन्होंने महिलाओं, बच्चों तथा गर्भवती माताओं को पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को संतुलित आहार, हरी सब्जियों, दालों, फलों तथा स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए सही खान-पान को अपनाने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी सहायिका अनीता देवी, बच्चों की माताएं सोमा देवी, इंदुबाला, नीलम कुमारी, संदला देवी सहित गांव की अन्य महिलाएं भी उपस्थित रहीं।
सभी उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।




