




शिमला/विवेकानंद वशिष्ठ :- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ज़िला शिमला द्वारा उपायुक्त कार्यालय के बाहर विभिन्न छात्र एवं सामाजिक मुद्दों को लेकर एक प्रभावशाली धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह प्रदर्शन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में हुई फीस वृद्धि, PGT में अस्थायी भर्तियों के आदेश तथा सरकाघाट में छात्रा के साथ हुई निर्मम हत्या के विरोध में किया गया।
इस अवसर पर एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री भवानी ठाकुर जी, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष अक्षय ठाकुर जी एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य गुंजन ठाकुर जी ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए।



प्रदेश सह मंत्री भवानी ठाकुर जी ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय में लगातार बढ़ रही फीस से गरीब एवं मध्यम वर्ग के छात्रों की शिक्षा पर सीधा प्रभाव पड़ रहा है, जो कि बिल्कुल अस्वीकार्य है। उन्होंने सरकार से इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की।





वहीं इकाई अध्यक्ष अक्षय ठाकुर जी ने PGT में अस्थायी भर्तियों को शिक्षा व्यवस्था के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि इससे योग्य युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने स्थायी एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग की।


राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य गुंजन ठाकुर जी ने सरकाघाट में छात्रा के साथ हुई निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह घटना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।


उन्होंने दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा देने की मांग की और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन सभी मुद्दों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन भविष्य में और भी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।








