




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा द्वारा जारी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा ने कभी भी देश के किसी भी धर्म, क्षेत्र या समाज के खान-पान की परंपराओं का विरोध नहीं किया है।
मुख्यमंत्री सुक्खू जंगली मुर्गे का प्रतिबंधित गोश्त खा रहे थे, उस समय सुमन भारती शर्मा और उनके कांग्रेस सहयोगी कहां थे: राकेश ठाकुर



उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंदू आस्था के अनुरूप गौमांस का निषेध एक धार्मिक विषय है, और भाजपा का रुख गौहत्या के विरुद्ध सदैव सख्त और अडिग रहा है, तथा आगे भी रहेगा।





राकेश ठाकुर ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा यह भ्रामक प्रचार किया गया कि भाजपा के सत्ता में आने पर राज्य में मछली पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।


इस झूठे प्रचार का जवाब देते हुए भाजपा ने बार-बार स्पष्ट किया है कि पार्टी किसी के खान-पान की स्वतंत्रता के खिलाफ नहीं है और पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक परंपराओं का पूरा सम्मान करती है, जहां मछली केवल भोजन नहीं बल्कि जनभावना और आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है।


उन्होंने कहा कि इसी संदर्भ में अनुराग ठाकुर द्वारा मछली का सेवन पश्चिम बंगाल के लोगों की भावनाओं और वहां की सांस्कृतिक परंपरा के सम्मान का प्रतीकात्मक संदेश था, क्योंकि वहां वर्षभर सभी दिनों में मछली का सेवन सामान्य जीवन का हिस्सा है और मत्स्य व्यवसाय राज्य में रोजगार और आया का एक बड़ा स्रोत है।


राकेश ठाकुर ने कहा कि यह कदम उन विपक्षी दलों के गाल पर करारा तमाचा है, जो लगातार यह भ्रम फैलाते रहे हैं कि भाजपा सत्ता में आने के बाद लोगों की खान-पान की स्वतंत्रता छीन लेगी।
उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि गांधी परिवार के वंशवादी नेता एक ओर कश्मीरी पंडितों की परंपराओं का पालन करने का ढोंग करते हैं, वहीं दूसरी ओर लालू परिवार के सदस्यों के साथ मांसाहार करते नजर आते हैं।
कांग्रेस के लोगों को किसी पर ऊँगली उठाने से पहले गाँधी परिवार के इस ढोंगी रवैये पर अपनी सफाई देनी चाहिए।

उन्होंने याद दिलाया कि दिसंबर 2024 में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को कैमरे पर जंगली मुर्गा (ग्रे जंगलफाउल) का सेवन करते हुए देखा गया था, जो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-1 में सूचीबद्ध प्रजाति है और इसका शिकार या सेवन दंडनीय अपराध है।

उस समय सुमन भारती शर्मा और उनके कांग्रेस सहयोगी कहां थे? तब उन्होंने इस गंभीर कानून उल्लंघन की न तो निंदा की और न ही कोई प्रतिक्रिया दी। उस समय कांग्रेसी नेताओं का सनातन प्रेम और कानून के प्रति उनकी प्रतिबद्धता कहाँ गायब हो गई थी?
राकेश ठाकुर ने कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि मुख्यमंत्री सुक्खू अब वैष्णो देवी में पूजा-अर्चना कर क्या अपने उस कृत्य से जुड़े अपराधबोध को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं, और क्या कांग्रेस जंगली मुर्गे वाले मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए अनावश्यक विवाद खड़ा कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत में कहीं भी मछली खाने पर कोई प्रतिबंध नहीं है और भाजपा हमेशा से देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं और खान-पान की स्वतंत्रता का सम्मान करती रही है।
अंत में राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को अनावश्यक विवाद खड़ा करने के बजाय अपने नेताओं के आचरण पर आत्ममंथन करना चाहिए और जनता को भ्रमित करने की राजनीति से बाज आना चाहिए।



