गो सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत चलाया गया, जनजागरण अभियान: दीक्षित गौतम

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  गो सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत आज हमीरपुर बाजार में एक व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। इस दौरान अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा बाजार की प्रत्येक दुकान पर जाकर दुकानदारों को पैंपलेट वितरित किए गए तथा उनसे समर्थन के रूप में हस्ताक्षर भी करवाए गए।

इस हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से आम जनता एवं व्यापारियों ने गौ माता को ‘राज्य माता’ घोषित करने तथा केंद्र सरकार से ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने हेतु अनुशंसा भेजने की मांग का समर्थन किया।

 

साथ ही पैंपलेट के माध्यम से हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश में गौ तस्करी एवं गौवध पर कठोर कानूनी प्रावधान लागू करने, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा गौ संरक्षण के लिए एक सशक्त एवं प्रभावी तंत्र विकसित करने की मांग उठाई गई।

अभियान के दौरान प्रदेश सरकार एवं केंद्र सरकार से यह भी निवेदन किया गया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर नंदीशालाओं की स्थापना तथा जिला स्तर पर आधुनिक एवं सुव्यवस्थित गो-अभयारण्यों का निर्माण किया जाए। इसके अतिरिक्त राजमार्गों पर गोवंश की सुरक्षा हेतु एंबुलेंस एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 अप्रैल को प्रातः 10 बजे हमीरपुर में तहसीलदार महोदय को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसी क्रम में प्रदेश की सभी तहसीलों में भी गोसेवक एवं जागरूक नागरिक एकजुट होकर अपने-अपने क्षेत्र में तहसीलदारों को ज्ञापन सौंपेंगे, ताकि इस विषय को व्यापक स्तर पर उठाया जा सके।

प्रतिनिधियों ने आगे बताया कि यदि इन ज्ञापनों के माध्यम से उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो आगामी समय में जिला स्तर पर उपायुक्त (DC) को भी ज्ञापन दिए जाएंगे। इसके बावजूद भी यदि सरकार द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता है, तो यह अभियान एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकता है।

 

संत समाज द्वारा भी इस विषय पर आह्वान किया गया है कि आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली में बड़े स्तर पर अनशन किया जाएगा, जिसमें देशभर से गौसेवक एवं श्रद्धालु भाग लेंगे।

 

अभियान की जानकारी दीक्षित गौतम द्वारा दी गई।

[post-views]