मोदी के ‘मन की बात’ के बाद सुनी भाजपा के वेटेरन वर्कर्स के ‘मन की बात’; टिकट के दावेदारों की हलचल के बीच कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने में जुटा संगठन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को जहां देशभर में सुना गया, वहीं हमीरपुर जिला भाजपा ने इसे संगठनात्मक मंथन का माध्यम बना दिया।

भोरंज विधानसभा क्षेत्र के बस्सी स्थित होटल सन स्काई में जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पूर्व विधायक कमलेश कुमारी एवं डॉ. अनिल धीमान सहित भाजपा वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक देवराज शर्मा तथा पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना।

कार्यक्रम के तुरंत बाद माहौल ने राजनीतिक रंग ले लिया, जब जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बंद कमरे में गहन मंथन शुरू किया।

 

आगामी नगर निकाय और जिला परिषद चुनावों को लेकर संभावित प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा ने बैठक को चुनावी नज़रिये से ख़ास बना दिया। चुनावी सरगर्मियों के बीच टिकट के इच्छुक दावेदारों की बढ़ती सक्रियता ने संगठन के भीतर हलचल तेज कर दी है।

 

सूत्रों के अनुसार, बैठक में दावेदारों के नामों पर खुलकर चर्चा हुई और अनुभवी व जमीनी कार्यकर्ताओं की राय को प्राथमिकता दी गई।

 

भोरंज मंडल अध्यक्ष अशोक ठाकुर और समीरपुर मंडल अध्यक्ष अभयवीर लवली भी इन बैठकों में मौजूद रहे।

 

इससे पहले 25 अप्रैल को समीरपुर में हुई बैठक भी इसी कड़ी का हिस्सा रही, जहां पार्टी के वरिष्ठतम कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने का प्रयास किया गया।

 

इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए 26 अप्रैल को शहरी निकाय प्रकोष्ठ के जिला संयोजक जोगिंदर बल्ला हमीरपुर में एक और महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहे हैं।

 

लगातार हो रही बैठकों ने यह साफ संकेत दे दिया है कि भाजपा चुनावी मोड में पूरी तरह आ चुकी है और संगठन हर स्तर पर रणनीति को धार देने में जुटा है।

 

हालांकि बैठकों में क्या चर्चाएं हो रही हैं, इस पर पार्टी पदाधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

 

अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इन बैठकों के मंथन से कौन से नाम निकलकर सामने आते हैं और किसे चुनावी मैदान में उतारा जाता है।

 

 

[post-views]