रोहड़ू में धार्मिक अनुष्ठान में हवाई फायरिंग, 26 वर्षीय महिला की मौत

 रोहड़ू/शिमला:-  हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला जिला के रोहड़ू उपमंडल के कुलगांव क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। रविवार देर रात आयोजित एक धार्मिक अनुष्ठान के दौरान हवाई फायरिंग के बीच चली गोली एक महिला को लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, देवता के पारंपरिक अनुष्ठान में स्थानीय लोग और देवलू (देवता के कारदार व श्रद्धालु) बड़ी संख्या में मौजूद थे। परंपरा के तहत उत्सव के दौरान हवाई फायरिंग की जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक गोली 26 वर्षीय रितिका को जा लगी। गंभीर चोट के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतका की पहचान रितिका (26), पत्नी सतीश, निवासी बकोरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके दो छोटे बच्चे भी हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मामले को लेकर चिड़गांव थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहड़ू अस्पताल लाया जा रहा है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई, क्योंकि ऐसे आयोजनों में बड़ी संख्या में लोग हथियार लेकर पहुंचते हैं और परंपरा के नाम पर फायरिंग करते हैं।

बताया जा रहा है कि इस अनुष्ठान में सैकड़ों लोग मौजूद थे और देवलू बंदूकों के साथ-साथ तलवार, डांगरी और खुखरी जैसे पारंपरिक हथियारों के साथ नृत्य भी कर रहे थे।

इस हादसे ने धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग भी इस लापरवाही से स्तब्ध हैं। विशेषज्ञों और समाज के जिम्मेदार लोगों ने ऐसे आयोजनों में संयम और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

इसी आयोजन के दौरान कुलगांव मंदिर में एक ऐतिहासिक धार्मिक दृश्य भी देखने को मिला, जहां देवता शालू महाराज कूपड़ी मेलटी और शालू महाराज कुलगांव का भाई-भाई मिलन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस भव्य आयोजन के साक्षी बने, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने पूरे माहौल को गहरे शोक में बदल दिया।

 

प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि किसी भी धार्मिक या सार्वजनिक कार्यक्रम में हथियारों का प्रदर्शन और हवाई फायरिंग से बचें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

[post-views]