




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- जिस तरह भैंस कीचड़ में बैठ कर सब पर कीचड़ उछालती है, वहीं हाल भाजपा के राजेंद्र राणा का है। ये बात कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानियां ने यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।

उन्होंने कहा कि सुजानपुर के राजेंद्र राणा का तो यही पता नहीं है कि वे आखिर किस पार्टी या किस नेता के पक्षधर है। उन्होंने कहा कि पहले वे पूर्व मुख्यमंत्री धूमल के साथ घूमते रहे।


बाद में मौका देखकर वे पूर्व मुख्यमंत्री स्व वीरभद्र सिंह के हो लिए। इसके बाद पल्टी मारकर वे वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ हो लिए , लेकिन जब कथित दल बदलू की दाल यहां नहीं गली तो फिर भाजपा में जेपी नड्डा के हो लिए।





उन्होंने कहा कि न वे किसी दल के पक्षधर रहे है और न ही भविष्य में हो सकते है। वे केवल अपना फायदा देख किसी को भी धोखा देते आए है।


उन्होंने कहा कि यही वजह है कि अब जनता उनके मंसूबों को पहचान चुकी है और गत विधानसभा उपचुनावों में उन्हें जनता ने घर बैठा दिया है। उन्होंने कहा कि अब उनसे कुछ हुआ नहीं जाता तो छटपटाहट में आए दिन सरकार, मुख्यमंत्री व अन्यों पर अनाप श्राप ब्यानवाजी करते है।


उन्होंने कहा कि ऐसा ही हाल हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा का है। उन्होंने कहा कि आशीष शर्मा के रिश्तेदार या उनके पूर्व के कामों पर न्यायालय कार्यवाही कर रहा है , लेकिन वे इसका दोषी मुख्यमंत्री को बताते फिरते है।


उन्होंने कहा कि जो जुर्माने उन्हें लगाए है , वे उन्हें क्यों नहीं भरते है। पठानियां ने कहा कि महिला हितेषी होने का ढोंग करने वाले भाजपा नेता एक नहीं कई बार स्वंय अपनी पोल खोल चुके है।
हाल ही में भाजपा के राजीव बिंदल का विडियो किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि 1500 न देने का झूठा ढोल पीटने वाले ये क्यों नहीं बतातें कि 15 लाख कब देने है।
उन्होंने कहा वास्तव में भाजपा में ही केंद्रीय हाई कमान के झूठे वादों से लोग तंग आ चुके है, लेकिन मजबूरी में सब सहन करने पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा में जाकर कथित करोड़ों में बिकने वालों को जनता ने घर बैठा दिया है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में करोड़ों के हो रहे विकास ही व्यवस्था परिवर्तन है, जो भाजपाईयों को सहन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि बस अड्डें के निर्माण में जो आरोप राणा लगा रहे है, उसमें वे त्थ्य क्यों नहीं पेश करते है।

केवल झूठी बातें बोलकर वे जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे है। इस अवसर पर अन्य कांग्रेसी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।




