




चिंतपुर्णी/ऊना:- हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के चिंतपुर्णी में भरवाई होशियारपुर रोड़ पर 30 अप्रैल को हुए भयानक कार हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी. इस हादसे में लुधियाना के टैक्सी चालक की तो पहचान हो गई थी, लेकिन अब दूसरे शव की भी पहचान हो गई है।

पुलिस की जांच में कांगड़ा जिले की युवती का यह शव पाया गया है, जिसे परिजन अब साथ ले गए हैं. हादसे में युवती का शव बुरी तरह से जल गया था और इस वजह से शुरू में पहचान नहीं हो पाई थी।


जानकारी के अनुसार, टैक्सी चालक रजनीश उर्फ पिंकू के साथ कार में कांगड़ा के लंज के गहलियां की युवती मीनाक्षी सवार थी. उसके परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट रानीताल लंज चौकी में दर्ज करवाई थी।





ईक दिन मैं नहीं होणा…, हिमाचल के चिंतपूर्णी कार हादसे से 1 घंटे से पहले पिंकू ने डाली थी REEL, कहा था-अर्थी में एक कंधा तेरा भी हो


पुलिस ने घटना को लेकर सीसीटीवी खंगाले तो पाया कि लड़की कार में सवार थी. टैक्सी चालक पिंकू के साथ हादसे का शिकार हुई मीनाक्षी लुधियाना में निजी क्षेत्र में नौकरी करती थी।


पिंकू और मीनाक्षी लुधियाना में एक ही मोहल्ले में रहते थे और इस वजह से दोनों में जान पहचान थी. मीडिया से बातचीत में डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि शुक्रवार को डीएनए टेस्ट से इस पर अंतिम मुहर लगेगी. टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद युवती का शव परिजनों को सौंप दिया गया है


हादसे का सीसीटीवी फुटेज आया था सामने
गौर रहे कि 30 अप्रैल को दोपहर तीन बजे यह हादसा हुआ था. इस हादसे की सीसीटीवी वीडियो भी सामने आई थी, जिसमें काले रंग की स्विफ्ट डिजायर तेज रफ्तार में थी और मोड़ से ठीक पहले कार का टायर फटा और उसके टायरों से चिंगारी निकलती दिखी।


बाद में कार अनियंत्रित होकर फिल्मी सीन की तरह नीचे खाई में जा गिरी और आग लग गई. इस दौरान चालक पिंकु कार से बाहर गिर गया था और युवती कार के अंदर ही जिंदा जल गई. पिंकु के परिवार में पत्नी और एक बच्चा अब पीछे छूट गया।






