13 साल का बच्चा चिट्टे सहित गिरफ्तार

 

कांगड़ा/विवेकानंद वशिष्ठ:-  हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गगल क्षेत्र के बनोई में पुलिस ने बस में अकेले सफर कर रहे 13 वर्षीय एक बच्चे से 130.48 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान संदेह के आधार पर बस की तलाशी ली गई। इस दौरान एक नाबालिग बालक संदिग्ध अवस्था में मिला। उसके पास मौजूद बैग की जांच करने पर उसमें से 130.48 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पूछताछ में बच्चे ने बताया कि यह बैग उसे अमृतसर में एक रिश्तेदार ने दिया था और उसे पालमपुर पहुंचाने के लिए कहा गया था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अमृतसर में वह कौन व्यक्ति था जिसने बच्चे को यह नशे की खेप सौंपी और पालमपुर में इसे किसे दिया जाना था।

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, नाबालिग बालक को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के आदेशानुसार आगामी कार्रवाई के लिए भेजा गया है।

इस घटना से यह साफ हो गया है कि नशा तस्कर अब कानून से बचने के लिए मासूम बच्चों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो समाज के लिए बेहद चिंताजनक है।

[post-views]