




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भारतीय जनता पार्टी हमीरपुर के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर और जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने वर्ष 2020 के कथित हेट स्पीच मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को सभी आरोपों से राहत दिए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए इसे सत्य और न्याय की निर्णायक विजय बताया है।
राजनीतिक द्वेष से प्रेरित आरोपों पर न्यायपालिका ने लगाया पूर्ण विराम: धर्मेंद्र शर्मा



दोनों नेताओं ने कहा कि इस फैसले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि राजनीतिक दुर्भावना के तहत लगाए गए आरोप लंबे समय तक सच्चाई को दबा नहीं सकते।





भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर एक ऐसे जननेता हैं जिन्होंने सदैव राष्ट्रहित, विकास और जनसेवा को अपनी राजनीति का आधार बनाया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा लगातार उनके खिलाफ भ्रम और नफरत का वातावरण तैयार करने की कोशिश की गई, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के निर्णय ने उन सभी प्रयासों को पूरी तरह निराधार साबित कर दिया है।


राकेश ठाकुर ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने अपने राजनीतिक जीवन में युवाओं, खिलाड़ियों, महिलाओं और गरीब वर्ग के हितों के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं और यही कारण है कि जनता का विश्वास लगातार उनके साथ मजबूत हुआ है।


राकेश ठाकुर ने कहा कि यह फैसला केवल अनुराग ठाकुर की व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि उन करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भी जीत है जिन्होंने हमेशा सत्य पर भरोसा रखा।


उन्होंने कहा कि विपक्ष को अब आत्ममंथन करना चाहिए कि केवल राजनीतिक लाभ के लिए किसी नेता की छवि खराब करने का प्रयास लोकतंत्र के लिए कितना नुकसानदायक है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब विकास की राजनीति चाहती है, न कि झूठे आरोपों और भ्रामक प्रचार की।
जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का निर्णय यह दर्शाता है कि देश की न्याय व्यवस्था पूरी तरह निष्पक्ष और मजबूत है। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर के खिलाफ लगाए गए आरोप तथ्यों से परे और राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित थे, जिन्हें अदालत ने पूरी तरह खारिज कर दिया है।


धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने हमेशा राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य किया है तथा उनका सार्वजनिक जीवन पूरी तरह पारदर्शी और जनहित के प्रति समर्पित रहा है।

धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में इस फैसले को लेकर उत्साह और संतोष का माहौल है क्योंकि सत्य की जीत ने विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को बेनकाब कर दिया है।

उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर जैसे लोकप्रिय नेताओं को बदनाम करने के लिए समय-समय पर षड्यंत्र रचे जाते रहे हैं, लेकिन जनता सब देख रही है और हर बार सच्चाई ही विजयी होती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि अनुराग ठाकुर भविष्य में भी प्रदेश और देश के विकास के लिए पहले से अधिक ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।




