




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय हमीरपुर के वाणिज्य विभाग द्वारा कॉन्फ्रेंस हॉल में “आपका करियर, आपका निवेश” विषय पर एक दिवसीय सत्र का आयोजन शुक्रवार को किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को वाणिज्य क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष डॉ. नरेश कुमार द्वारा किया गया।


इसके पश्चात मुख्य संरक्षक एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा, निवेश एवं करियर निर्माण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।





कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. विक्रम सिंह ठाकुर ने वाणिज्य क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बीकॉम एवं एमकॉम के विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिए और उन्हें अपने भविष्य की योजनाओं के प्रति जागरूक किया।


इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. पवन वर्मा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रेरणादायक शब्द कहे। कार्यक्रम में डॉ. कनिका कौंडल सहित अन्य प्राध्यापकगण भी उपस्थित रहे।


अंत में प्रो. कृष्ण चंद ने मंच से सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।










