




पलूहीं/चंबा:- हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले की पलूहीं पंचायत में एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया। दोस्ती की महफिल कुछ ही पलों में खून-खराबे में बदल गई, जब एक युवक ने अपने ही दोस्त की पत्थर से वार कर हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी शव को सड़क के नीचे फेंककर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह बरौर पंचायत के झल्ल गांव निवासी अजय सिंह का शव पलूही मार्ग के नीचे खून से लथपथ हालत में मिला। सड़क पर भी काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ था।





ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।


प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का पाया गया, जिसके बाद फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए।


पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि वीरवार रात तीन दोस्त एक साथ पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनमें कहासुनी हो गई।


विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी अरुण कुमार ने अजय सिंह के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी शव को सड़क के नीचे फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने जांच के दौरान दोनों दोस्तों को पूछताछ के लिए बुलाया, जिसमें अरुण कुमार पुत्र नुधिया राम निवासी गांव बलियारा की संलिप्तता सामने आई।


इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, तीसरे युवक की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।

एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार दोपहर बाद मेडिकल कॉलेज चम्बा में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।





