हिम अकादमी में एक दिवसीय कहानी-कथन कार्यशाला आयोजित, 60 शिक्षकों ने लिया भाग

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में शिक्षकों के लिए “कहानी-कथन को शिक्षण का प्रभावी माध्यम” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को नवीन एवं रचनात्मक शिक्षण विधियों से परिचित करवाना था, ताकि कक्षा शिक्षण को अधिक रोचक, प्रभावशाली और विद्यार्थियों के लिए अर्थपूर्ण बनाया जा सके।

कार्यशाला का संचालन प्रतिष्ठित रिसोर्स पर्सन जगतंबा देवी एवं  वेगा शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने शिक्षकों को कहानी-कथन की कला के माध्यम से शिक्षण को जीवंत और सहभागितापूर्ण बनाने के विभिन्न तरीकों से अवगत करवाया।

उन्होंने बताया कि कहानियाँ विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति, संवाद कौशल, रचनात्मकता तथा भावनात्मक जुड़ाव को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस कार्यशाला में लगभग 60 अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न गतिविधियों, समूह चर्चाओं और सहभागात्मक कार्यों में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। शिक्षकों ने नई शिक्षण तकनीकों को सीखते हुए अपने अनुभव भी साझा किए।

कार्यशाला अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी सिद्ध हुई। विद्यालय प्रशासन ने रिसोर्स पर्सन्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से जोड़ने के साथ-साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

 

[post-views]