युवा रोजगार सृजन में मोदी सरकार ने 12 साल में रचा नया इतिहास : अनुराग सिंह ठाकुर

 

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :-   पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 19वें रोजगार मेले के सफल आयोजन पर बधाई देते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश के युवाओं को रोजगार देने की दिशा में ऐतिहासिक और अभूतपूर्व कार्य किया है।

19वां रोज़गार मेला युवा रोज़गार के प्रति मोदी सरकार की बेजोड़ प्रतिबद्धता: अनुराग ठाकुर

देशभर के 47 स्थानों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस रोजगार मेले में विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, वित्तीय सेवाएं तथा उच्च शिक्षा विभाग सहित कई महत्वपूर्ण विभाग शामिल रहे।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार केवल वादे नहीं करती, बल्कि परिणाम देकर दिखाती है। रोजगार मेले की शुरुआत से अब तक आयोजित 18 संस्करणों के माध्यम से लगभग 12 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे बड़े और निरंतर चलने वाले रोजगार अभियानों में से एक है।

 

उन्होंने कहा कि 24 जनवरी 2026 को आयोजित 18वें रोजगार मेले में भी 45 स्थानों पर 61 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए थे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रोजगार सृजन सरकार की प्राथमिकता और सुशासन का केंद्र बिंदु बन चुका है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश के औपचारिक रोजगार क्षेत्र में भी रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। मई 2025 में ईपीएफओ के तहत 20.06 लाख सदस्यों की शुद्ध वृद्धि दर्ज हुई, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है।

 

इनमें 9.42 लाख नए सदस्य पहली बार औपचारिक रोजगार से जुड़े, जिनमें लगभग 59.48 प्रतिशत युवा 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के रहे। यह आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि देश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तेजी से बढ़े हैं और भारत का औपचारिक रोजगार तंत्र पहले से अधिक मजबूत एवं समावेशी बना है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं को रोजगार के साथ-साथ आर्थिक सुरक्षा देने के लिए बजट 2024-25 में प्रधानमंत्री एम्प्लोयी लिंक्ड इंसेंटिव योजना भी शुरू की है। योजना के तहत पहली बार औपचारिक नौकरी में आने वाले युवाओं को 15 हजार रुपये तक की प्रत्यक्ष सहायता दी जाएगी, जिससे लगभग 2.10 करोड़ युवाओं को लाभ मिलने की संभावना है।

 

इसके अलावा विनिर्माण क्षेत्र में रोजगार बढ़ाने तथा उद्योगों को अधिक भर्ती के लिए प्रोत्साहित करने हेतु विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिनसे लाखों नए रोजगार सृजित होंगे।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि रोजगार मेला, ELI योजना, कौशल विकास कार्यक्रम और EPFO में रिकॉर्ड बढ़ोतरी यह साबित करती है कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के युवाओं के लिए अवसरों और विश्वास का मजबूत वातावरण तैयार किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का कार्यकाल युवाओं को रोजगार, सम्मान और आत्मनिर्भरता देने वाली सरकार के रूप में याद किया जाएगा।

[post-views]