



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर, हमीरपुर में 25 मई 2026 को कक्षा नौवीं एवं दसवीं की छात्राओं तथा उनके अभिभावकों के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन पर एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


इस जागरूकता पहल का आयोजन उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौर द्वारा विशेष रूप से किया गया, जिसका उद्देश्य किशोरियों एवं अभिभावकों को एच पी वी वैक्सीनेशन तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल के महत्व के प्रति जागरूक करना था।




कार्यक्रम में उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार अत्री तथा बीएमओ टौणी देवी डॉ. रमेश कुमार भी उपस्थित रहे। विद्यालय के निदेशक इंजी. पंकज लखनपाल एवं प्रधानाचार्या श्रीमती कंचन लखनपाल ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया।






अपने संबोधन में श्रीमती गंधर्वा राठौर ने किशोरियों को गंभीर बीमारियों, विशेषकर सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता, समय पर टीकाकरण तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल के महत्व पर प्रकाश डाला।


उन्होंने अभिभावकों को अपनी बेटियों के स्वास्थ्य एवं भविष्य को ध्यान में रखते हुए जागरूक एवं सही निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया तथा समाज में एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया।



कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एच पी वी), इसके प्रभाव तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में एचपीवी वैक्सीन की भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। चिकित्सा विशेषज्ञों ने वैक्सीन से जुड़े विभिन्न भ्रम एवं भ्रांतियों को भी दूर किया तथा इसकी सुरक्षा, प्रभावशीलता एवं वैज्ञानिक मान्यता के बारे में जानकारी दी।


डॉ. अजय कुमार अत्री एवं डॉ. रमेश कुमार ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को निवारक स्वास्थ्य देखभाल के बढ़ते महत्व के प्रति जागरूक करते हुए स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता दरूही सुशीला कुमारी एवं सीएचओ दरूही सुश्री निशा राणा भी उपस्थित रहीं और उन्होंने भी जागरूकता सत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।


















