



शिमला/विवेकानंद वशिष्ठ :- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश की प्रदेश मंत्री नैंसी अटल ने बयान जारी करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और प्रदेश में गुंडाराज का माहौल बनता जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार मारपीट, हिंसा और असामाजिक तत्वों की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का वातावरण उत्पन्न हो रहा है।

कुल्लू में तलवारें, शिमला में मारपीट, प्रदेश में लगातार बढ़ रही हिंसक घटनाओं पर सरकार मौन क्यों है:–नैंसी अटल




नैंसी अटल ने कहा कि हाल ही में शिमला में HRTC वॉल्वो बस के चालक के साथ चार टूरिस्टों द्वारा बेरहमी से मारपीट की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। इससे पहले कुल्लू जिले में भी टूरिस्टों द्वारा खुलेआम तलवारें निकालकर कानून व्यवस्था को चुनौती देने की घटना सामने आई थी। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाएं स्पष्ट करती हैं कि प्रदेश में प्रशासन और सरकार का भय समाप्त हो चुका है।






हिमाचल में बढ़ता गुंडाराज, शिमला में HRTC चालक पर हमला, सुक्खू सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल:–नैंसी अटल


उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी शांतिपूर्ण संस्कृति और सौहार्दपूर्ण वातावरण के लिए जाना जाता था, लेकिन वर्तमान सरकार की लापरवाही के कारण प्रदेश की छवि खराब हो रही है। यदि समय रहते सरकार ने सख्त कदम नहीं उठाए तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।



अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश सरकार से मांग करती है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाए, तथा हिमाचल की शांति और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। परिषद प्रदेश की जनता की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी।
________________________




















