हिम अकादमी स्कूल में “काइंडनेस चैलेंज मंथ” का उत्साहपूर्ण समापन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत पूरे मई माह को “काइंडनेस चैलेंज मंथ” के रूप में मनाया गया।

 

इस विशेष अभियान का समापन समारोह विद्यालय परिसर में बड़े उत्साह, सकारात्मकता एवं आनंदपूर्ण वातावरण के साथ आयोजित किया गया। यह गतिविधि कक्षा प्रथम से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने दया, करुणा, सहानुभूति एवं सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

 

काइंडनेस चैलेंज मंथ के दौरान विद्यार्थियों को प्रतिदिन दयालुता से जुड़े छोटे-छोटे कार्य एवं प्रेरणादायक टिप्स दिए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

विद्यार्थियों ने पौधारोपण, पौधों को नियमित रूप से पानी देना, प्रकृति की सुरक्षा करना, पशु-पक्षियों को भोजन देना, जरूरतमंदों की सहायता करना तथा दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सद्भावनापूर्ण कार्य करने जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

 

 

विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ इन कार्यों को पूरा किया तथा अपने अनुभवों को सांझा करते हुए बताया कि इस अभियान ने उन्हें अधिक संवेदनशील, सहयोगी एवं जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया।

 

समापन समारोह के दौरान कक्षा प्रथम से आठवीं तक के विद्यार्थियों को उनकी सक्रिय सहभागिता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट सहभागिता एवं समर्पण दिखाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

 

पुरस्कार वितरण विद्यालय हेडमास्टर कंचन लखनपाल, सेवा प्रमुख नेहा तथा काइंडनेस एक्टिविटी हेड पूजा शर्मा द्वारा किया गया।

 

इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में नैतिक मूल्यों, सहानुभूति, दयालुता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को जीवनभर दयालुता एवं सेवा की भावना को अपनाने के लिए प्रेरित किया। काइंडनेस एक्टिविटी हेड पूजा शर्मा ने भी विद्यार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव एवं सुझाव सुने।

 

 

विद्यार्थियों ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि इस चैलेंज ने उन्हें दूसरों की सहायता करने तथा प्रकृति एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने के लिए प्रेरित किया।

 

[post-views]