



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक आज समिति के अध्यक्ष एवं हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई।


बैठक में खान मंत्रालय तथा नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ “KABIL: इंडिया क्वेस्ट फ़ॉर गलोबल क्रिटिकल मिनिरल्स” विषय पर विस्तृत मौखिक साक्ष्य एवं चर्चा की गई।




बैठक में भारत की क्रिटिकल मिनरल्स सुरक्षा, वैश्विक स्तर पर रणनीतिक खनिजों की उपलब्धता तथा भविष्य की ऊर्जा एवं तकनीकी आवश्यकताओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।







प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत राष्ट्रीय क्रिटिकल मिनरल्स मिशन (NCMM) के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।


इस मिशन का उद्देश्य महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में आयात पर निर्भरता कम करना, मजबूत सप्लाई चेन विकसित करना तथा विकसित भारत @2047 के विजन को साकार करना है।



बैठक में खानिज विदेश इंडिया लिमिटेड (KABIL) की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा हुई। KABIL विदेशों में रणनीतिक खनिज संपत्तियों के अधिग्रहण तथा अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के माध्यम से भारत की ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं रक्षा आवश्यकताओं के लिए जरूरी खनिजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।


बैठक के दौरान विदेशों में खनिज अधिग्रहण को बढ़ावा देने, सप्लाई चेन को अधिक मजबूत एवं सुरक्षित बनाने, देश की दीर्घकालिक खनिज सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा घरेलू स्तर पर खनिज अन्वेषण एवं प्रोसेसिंग क्षमताओं को सशक्त करने जैसे विषयों पर गंभीर एवं सकारात्मक चर्चा हुई।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि क्रिटिकल मिनरल्स आने वाली वैश्विक अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत अपनी रणनीतिक आवश्यकताओं को सुरक्षित करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत का फोकस आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने, बाहरी निर्भरता कम करने तथा खनिज क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व स्थापित करने पर है।
उन्होंने कहा कि संसदीय समिति इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में सरकार की नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर रचनात्मक सुझाव एवं मार्गदर्शन देती रहेगी।


















