



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में “विश्व पर्यावरण दिवस” के अवसर पर विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।


कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए इंटर हाउस साइंस क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई।




प्रतियोगिता में भाभा हाउस ने प्रथम, रमन हाउस ने द्वितीय तथा आर्यभट्ट हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी संदर्भ में प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण विषय पर प्रेरणादायक वार्ता प्रस्तुत की गई। साथ ही प्लास्टिक के उपयोग को कम करने हेतु विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई।






कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण संरक्षण विषय पर पी पी टी प्रस्तुति भी आयोजित की गई। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने ग्रीन टी-शर्ट पहनकर नेचर वॉक में भाग लिया।


इस अवसर पर पर्यावरण से संबंधित शैक्षिक वीडियो भी प्रदर्शित किए गए, जिनसे विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन के महत्व की जानकारी प्राप्त हुई।



एन.एस.एस. एवं एन.सी.सी. के विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय के समीप वन क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने आसपास के क्षेत्र की सफाई कर स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण का संदेश दिया।


इसके साथ ही स्काउट्स एवं गाइड्स के विद्यार्थियों ने पौध गोद लेने तथा पौधों को नियमित रूप से पानी देने का संकल्प लिया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को पौधों के संरक्षण एवं देखभाल के प्रति प्रेरित किया गया।
विद्यालय प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा जी ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है तथा ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
इसके साथ ही एक्टिविटी इंचार्ज अंजना कुमारी का इस गतिविधि को संपूर्ण करने में विशेष सहयोग रहा।


















