



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी संस्थान के विद्यार्थियों ने देश की सबसे कठिन इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में से एक जेईई एडवांस्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान तथा जिले का नाम गौरवान्वित किया है।


संस्थान के मेधावी छात्र कल्पित ठाकुर अखिल भारतीय रैंक ,(एआईआर,)278*, छात्रा आनंदिता चौधरी ने अखिल भारतीय रैंक (एआईआर) 645* प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। इसके अतिरिक्त विहान बंसल एआईआर (14156)तथा शाश्वत शर्मा एआईआर (19462 ) ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।




विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से पूरे संस्थान में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। शिक्षकों, अभिभावकों और सहपाठियों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उनका कहना है कि कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास और शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन ने उन्हें यह सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।



विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान शिक्षकों ने न केवल विषयों को गहराई से समझाया, बल्कि हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में उनका उत्साहवर्धन भी किया।



कल्पित ठाकुर ने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने बताया कि माता-पिता के विश्वास और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें सदैव बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।


वहीं आनंदिता चौधरी,विहान बंसल और शाश्वत शर्मा ने भी अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार और शिक्षकों को देते हुए कहा कि उनके सहयोग और प्रोत्साहन के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।
इस अवसर पर हिम अकादमी संस्थान के अध्यक्ष रतन चंद लखनपाल, उपाध्यक्ष चंद्र प्रभा लखनपाल, निर्देशक पंकज लखनपाल ,प्रधानाचार्य, नैना लखनपाल अकादमिक प्रधानाचार्य श्रीमती हिमांशु शर्मा, उप प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार, संजीव कुमार, क्षितिज धवन, विकास कुमार एवं प्रबंधन ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की अथक मेहनत, शिक्षकों की समर्पित कार्यशैली और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उत्कृष्ट मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
जेईई एडवांस्ड में प्राप्त यह सफलता न केवल हिम अकादमी संस्थान के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह आने वाले विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

संस्थान परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

















