



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपुर के कक्षा दसवीं के छात्र अतिक्ष ठाकुर ने ओडिशा स्थित केआईआईटी (KIIT) कैंपस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ब्लिट्ज श्रेणी में आठवाँ स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है।

इस प्रतियोगिता में विश्वभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया।




अतिक्ष ने अपने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक इंटरनेशनल मास्टर (IM) को पराजित किया तथा कई ग्रैंडमास्टर्स (GM) के विरुद्ध मुकाबले ड्रॉ किए। उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें ₹7,500 की नकद पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।







प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण अतिक्ष की ब्लिट्ज रेटिंग में 162 अंकों तथा क्लासिकल रेटिंग में 60 अंकों की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस उपलब्धि के साथ वे हिमाचल प्रदेश के सर्वाधिक रेटिंग प्राप्त शतरंज खिलाड़ियों में अपना स्थान बनाने में सफल हुए हैं।



विद्यालय पहुँचने पर प्रधानाचार्य महेन्द्र सिंह ठाकुर ने अतिक्ष को सम्मानित किया तथा उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि अतिक्ष की यह सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।



विद्यालय परिवार ने अतिक्ष को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




















