



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat) हमीरपुर द्वारा जिला युवा अधिकारी दीपमाला की अध्यक्षता में कैरियर प्वाइंट विश्वविद्यालय, हमीरपुर में एक विशेष पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।



कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के डायरेक्टरेट ऑफ कम्युनिटी सर्विसेज, एनएसएस तथा एनसीसी इकाइयों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव शर्मा, ऋचा शर्मा तथा डॉ. गुलशन विशेष रूप से उपस्थित रहे।






अपने संबोधन में अतिथियों ने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।


उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।



कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने, जल संरक्षण करने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया गया। विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराया गया।


डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिवस तक सीमित आयोजन नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूक और उत्तरदायी रहने का संकल्प है। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण की शपथ ग्रहण करने के साथ हुआ।


















