पंजाब में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से पिकअप की टक्कर, एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत, 14 घायल

फिरोजपुर-फाजिल्का:-  पंजाब में फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर जंगा वाला मोड़ के निकट शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चौदह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हादसा उस समय हुआ जब एक परिवार के सदस्यों को लेकर जा रहा पिकअप वाहन एक ट्रक से टकरा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में लगभग 25 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।

 

बताया जा रहा है कि ये सभी लोग जलालाबाद से ब्यास जा रहे थे, जहां उन्हें परिवार के एक दिवंगत सदस्य की अस्थियां ब्यास नदी में विसर्जित करनी थीं। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।

 

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसके भीतर फंस गये। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को तत्काल इलाज के लिए सिविल अस्पताल फिरोजपुर पहुंचाया गया

 

सिविल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि गंभीर रूप से घायल कई मरीजों को बेहतर उपचार के लिए फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।

 

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भूपिंदर सिंह अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, जबकि स्थानीय लोगों ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता घायलों को शीघ्र चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना और राहत कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करना था। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

 

[post-views]