



नई-दिल्ली:- अमेरिका और ईरान आखिरकार एक शांति समझौते पर पहुंच गए हैं. न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स ने एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी है. इस रिपोर्ट के मुताबिक, पीस डील के मसौदे में स्थाई शांति, ईरान का परमाणु कार्यक्रम, ईरान को प्रतिबंधों में राहत और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं.

ईरानी अधिकारी ने पहचान जाहिर न करने की शर्त पर बताया कि रूपरेखा को मंजूरी मिलने के बाद अगले 60 दिनों के भीतर दोनों पक्ष अंतिम समझौते पर चर्चा करेंगे. हालांकि, इस रिपोर्ट पर अभी तक तेहरान और वाशिंगटन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.



इससे पहले वीकेंड पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि शांति समझौते पर रविवार को हस्ताक्षर हो सकते हैं, जबकि ईरान ने संकेत दिया था कि औपचारिक हस्ताक्षर में कुछ और समय लग सकता है.






क्या परमाणु कार्यक्रम खत्म करने पर मान गया ईरान?
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता से जुड़े मसौदे में इन चार मुद्दों पर फोकस है.


ईरान परमाणु हथियार न तो बनाएगा और न ही खरीदेगा.
अंतिम समझौता होने तक ईरान अपने मौजूदा परमाणु कार्यक्रम को यथावत रखेगा।



ईरान यूरेनियम संवर्धन (एनरिचमेंट) नहीं करेगा और अपने परमाणु प्रतिष्ठानों का विस्तार भी नहीं करेगा.
अमेरिका ईरान के उच्च संवर्धित यूरेनियम भंडार को ईरान के भीतर ही निष्क्रिय (डाइल्यूट) करने की प्रक्रिया स्वीकार करेगा. ये कैसे होगा, इस पर दोनों पक्ष अगले 60 दिनों में चर्चा करेंगे.




















