शहीद सिपाही अंकुश ठाकुर की स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर में 100% दिव्यांग राजन कुमार ने 18वीं बार किया रक्तदान

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  गलवान घाटी के वीर शहीद सिपाही अंकुश ठाकुर (सेना मेडल) की शहादत के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मनोह, तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जनसेवक सुशील ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने शहीद अंकुश ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शहीदों के बलिदान की बदौलत ही हम सुरक्षित और स्वतंत्र जीवन जी रहे हैं।

उन्होंने युवाओं से राष्ट्रसेवा और समाजसेवा के कार्यों में आगे आकर भाग लेने का आह्वान किया। रक्तदान शिविर में क्षेत्र के युवाओं, समाजसेवियों एवं रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर रक्तदान किया और शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।

शिविर की विशेष बात यह रही की गांव भगेटू से 100 प्रतिशत दिव्यांग राजन कुमार ने अपने जीवन का 18वां रक्तदान कर मानवता और समाज सेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत की। व्हीलचेयर पर होने के बावजूद राजन कुमार लगातार रक्तदान एवं सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

राजन कुमार ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने राजन कुमार के जज्बे और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। रक्तदान शिविर का आयोजन शहीद अंकुश ठाकुर की पावन स्मृति को समर्पित था, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।

[post-views]