



ऊना/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संतोषगढ़ क्षेत्र में 1.005 किलोग्राम चिट्टा बरामदगी मामले की जांच करते हुए ऊना पुलिस ने पंजाब के जालंधर में दबिश देकर इस खेप के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान तरसेम लाल निवासी जिला शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), पंजाब के रूप में हुई है।


जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने बताया कि ऊना पुलिस ड्रग नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए बैकवर्ड लिंकेज रणनीति पर तेजी से काम कर रही है। 3 मई को बरामद की गई एक किलो से अधिक चिट्टे की खेप के मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई।



पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी ने ही ऊना के तस्करों को चिट्टे की खेप सप्लाई की थी। एसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है। इस कारोबार से जुड़े अन्य सप्लायरों और सहयोगियों की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के बाद अंतर्राज्यीय ड्रग तस्करों में हड़कंप मच गया है।































