



इंटरनेशनल डेस्कः पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर की राजधानी नियामी में स्थित डियोरी हमानी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (Diori Hamani International Airport) पर आतंकवादियों ने भीषण हमला किया है। इस आत्मघाती हमले और उसके बाद हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों के 11 जवानों और 2 नागरिकों सहित कुल 13 लोगों की जान चली गई है। वहीं सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में 22 हमलावर मारे गए हैं और करीब 20 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

22 हमलावर भी ढेर



10 मिनट तक गूंजती रहीं गोलियां और धमाके
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने राष्ट्रीय टेलीविजन पर जानकारी देते हुए बताया कि हमलावर विस्फोटक बेल्टों से लैस थे और हवाई अड्डे के टर्मिनल में घुसने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षा बलों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिससे हमलावरों की घुसपैठ नाकाम हो गई। लगभग 10 मिनट तक चली इस मुठभेड़ के दौरान कई धमाके हुए और भीषण गोलीबारी हुई। इस घटना में 4 अन्य लोग घायल भी हुए हैं।






नियंत्रण में है स्थिति
मंत्रालय के अनुसार, फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और हवाई अड्डा हवाई यातायात के लिए खुला है। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नाइजीरियाई बलों ने इलाके में एक बड़ा तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।


गौरतलब है कि नाइजर वर्तमान में गंभीर सुरक्षा संकट और राजनीतिक अस्थिरता के दौर से गुजर रहा है। जुलाई 2023 में राष्ट्रपति मोहम्मद बाजौम के खिलाफ हुए सैन्य तख्तापलट के बाद से देश में असुरक्षा बढ़ी है। इससे पहले जनवरी में भी इसी हवाई अड्डे पर आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने हमला किया था,।



नाइजर के सैन्य प्रमुख अब्दुर्रहमान थियानी ने पिछले हमलों के पीछे विदेशी शक्तियों के शामिल होने की आशंका जताई थी। वर्तमान में यह देश अल-कायदा (JNIM), इस्लामिक स्टेट और बोको हराम जैसे खतरनाक आतंकी गुटों के निशाने पर है, जो पड़ोसी देश माली और चाड झील के आसपास के इलाकों में सक्रिय हैं।




















