



मंडी/सरकाघाट:- मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र में सोमवार को एचआरटीसी की एक बस दुर्घटना का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार भटेड़ा चौकी के समीप बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से पलट गई और नीचे की ओर जाकर फंस गई।

हादसे के समय बस में चालक, परिचालक और एकमात्र सवारी मौजूद थे। दुर्घटना में तीनों को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तुरंत उपचार के लिए नागरिक अस्पताल बलद्वाड़ा पहुंचाया गया।



राहत की बात यह रही कि बस गहरी खाई में नहीं गिरी। यदि बस और नीचे चली जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।






फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायल सुरक्षित हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

























