स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक खेती के संदेश के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए अनुराग सिंह ठाकुर

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  हमीरपुर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सोमवार को नादौन क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक खेती को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

इस दौरान उन्होंने जनभागीदारी को मजबूत करने और प्रकृति के संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से सक्रिय योगदान देने की अपील की।

 

दोपहर 3 बजे नादौन बाजार में आयोजित स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान केवल किसी पार्टी या सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने नागरिकों, व्यापारियों और युवाओं से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ समाज और विकसित भारत की आधारशिला है।

इसके उपरांत अपराह्न 4:15 बजे नादौन स्थित कुट कश्मीर गौशाला में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में अनुराग सिंह ठाकुर ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

वहीं अपराह्न 4:20 बजे आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला में उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को जन अभियान बनाना होगा।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों के लिए कम लागत और बेहतर उत्पादन का माध्यम बन सकती है तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण देना हमारा नैतिक दायित्व है।

 

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में कृषि क्षेत्र को केवल खेती तक सीमित नहीं रखा, बल्कि किसान कल्याण, आय सुरक्षा, तकनीकी आधुनिकीकरण, बाजार पहुंच और ग्रामीण विकास को जोड़कर एक व्यापक कृषि इकोसिस्टम विकसित करने का प्रयास किया।

 

इस दौरान कई ऐसी योजनाएं और सुधार लागू किए गए, जिनका उद्देश्य खेती को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और किसान-केंद्रित बनाना रहा। पिछले 12 वर्षों में कृषि क्षेत्र में हुए बदलाव केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं रहे।

 

प्रत्यक्ष आय सहायता, बीमा सुरक्षा, MSP सुधार, सिंचाई विस्तार, डिजिटल तकनीक, कृषि अवसंरचना, सहकारिता, खाद्य प्रसंस्करण और निर्यात वृद्धि जैसी प्रमुख पहलों ने भारतीय कृषि को अधिक आधुनिक, समावेशी और किसान-केंद्रित बनाने की दिशा में नई गति दी है। इन प्रयासों ने अन्नदाता को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि भारत की विकास यात्रा का सक्रिय भागीदार बनाया है।

 

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक खेती से जुड़े ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक हैं तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

 

इन कार्यक्रमों के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, जिला एवं मंडल स्तर के पार्टी पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

 

 

[post-views]