



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जल शक्ति विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, वन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल स्रोतों की सफाई तथा पौधारोपण के लिए विशेष अभियान चलाएं।

जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में उपायुक्त ने दिए निर्देश




सोमवार को जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि मॉनसून सीजन में जल जनित रोगों के फैलने की आशंका रहती है।







इसलिए, जल शक्ति विभाग की पेयजल योजनाओं के साथ-साथ जिला में अन्य सभी प्राकृतिक जल स्रोतों जैसे-कुओं, बावड़ियों, टैकों एवं सरोवरों की भी नियमित रूप से सफाई होनी चाहिए।


इसमें संबंधित विभागों के अलावा ग्राम पंचायतों, स्थानीय महिला मंडलों, युवक मंडलों और अन्य सामाजिक संगठनों की भी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जानी चाहिए।



गंधर्वा राठौड़ ने मॉनसून सीजन के दौरान पौधारोपण के लिए पहले से ही स्थान चिह्नित करने तथा इन स्थानों पर पौधारोपण के बाद पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


बैठक में डीडब्ल्यूएसएम के सचिव एवं जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता राकेश गर्ग ने मिशन की गतिवधियों और पेयजल टेस्टिंग की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस अवसर पर एडीसी अभिषेक कुमार गर्ग, डीआरडीए की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी बबीता गुलेरिया और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।


















