“शिक्षा संस्थानों में बढ़ती अव्यवस्था चिंताजनक, छात्र सुरक्षा और शैक्षणिक गरिमा पर सरकार जवाब दे: जहानवी चौहान “

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश की प्रदेश सह मंत्री जहानवी चौहान ने बयान जारी करते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार सामने आ रही घटनाएं शिक्षा व्यवस्था, छात्र सुरक्षा एवं शैक्षणिक वातावरण को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न कर रही हैं।

छात्र सुरक्षा और शिक्षा की गरिमा पर प्रश्नचिह्न, बढ़ती लापरवाही पर सरकार व प्रशासन जवाबदेही सुनिश्चित करे :–अभाविप

हमीरपुर के आलमपुर स्थित विद्यालय के छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। विद्यार्थी परिषद दिवंगत छात्र को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है।

 

जहानवी ने कहा कि इस प्रकरण में परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों तथा सामने आए तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि छात्र की मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सके तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही अथवा मानसिक प्रताड़ना की पुष्टि होती है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। विद्यार्थियों का मानसिक स्वास्थ्य और सम्मान किसी भी शिक्षा व्यवस्था की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

 

वहीं चंबा जिले में एक शैक्षणिक संस्थान के शिक्षक के कथित रूप से शराब के नशे में विद्यालय पहुंचने का मामला भी अत्यंत चिंताजनक है। विद्यार्थी परिषद इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करती है।

 

शिक्षक समाज निर्माण के आधार स्तंभ होते हैं तथा उनके आचरण से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माण होता है। ऐसे मामलों से शिक्षा संस्थानों की गरिमा और विद्यार्थियों का विश्वास दोनों प्रभावित होते हैं।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं प्रशासनिक निगरानी और जवाबदेही पर भी प्रश्न खड़े करती हैं। सरकार एवं संबंधित विभागों को शिक्षा संस्थानों में अनुशासन, सुरक्षा और नैतिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। विद्यार्थी परिषद दोनों मामलों में शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई एवं तथ्याधारित जांच पूर्ण कर दोषियों को जवाबदेह ठहराने की मांग करती है, ताकि विद्यार्थियों और अभिभावकों का विश्वास पुनः स्थापित हो सके।

_____________________

[post-views]