



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष नरेंद्र अत्री ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि जिला ओलंपिक संघ हमीरपुर द्वारा 30 जून को हमीरपुर में “ओलंपिक सद्भावना रन” का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री, सांसद एवं हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर उपस्थित रहेंगे।

अनुराग ठाकुर समेत राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, विभिन्न वर्ग लेंगे भाग, देंगे फिट इंडिया और सद्भावना का संदेश



इस प्रेस वार्ता अवसर पर उनके साथ जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा तथा जिला ओलंपिक संघ के महासचिव एवं प्रदेश ओलंपिक संघ के सदस्य तेज प्रकाश चोपड़ा भी उपस्थित रहे।






नरेंद्र अत्री ने बताया कि हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ खेल गतिविधियों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली, मानवता, सद्भावना और एकता जैसे विषयों पर भी निरंतर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए जिला हमीरपुर ओलंपिक संघ द्वारा ओलंपिक सद्भावना रन का आयोजन किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि ओलंपिक केवल खेलों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवनशैली, मित्रता, उत्कृष्टता और एकता के मूल्यों को भी बढ़ावा देता है। इस जागरूकता दौड़ के माध्यम से इन मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।



कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में युवा भाग लेंगे।


नरेंद्र अत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “फिट इंडिया” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को फिटनेस एवं खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से भी यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को खेल संस्कृति से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से इस जनहितकारी आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि समाज में स्वास्थ्य, फिटनेस और सद्भावना का संदेश व्यापक रूप से प्रसारित हो सके।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष नरेश राणा, कबड्डी एसोसिएशन के संयुक्त सचिव अनिल परमार, अभयवीर सिंह लवली, विकास शर्मा तथा सुशील सोनी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


















