



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा में साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रामचंद्र पठानिया , अध्यक्ष कांगड़ा सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक उपस्थित रहे।


समारोह के दौरान विद्यार्थियों को कुल 151 साइकिलें वितरित की गईं जो प्रमुख व्यवसायी अरुण सरीन व उनकी धर्मपत्नी शिखा सरीन द्वारा भेंट की गईं। इन साइकिलों में से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा के विद्यार्थियों को 5 3, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खरवाड़ के विद्यार्थियों को 57, राजकीय माध्यमिक पाठशाला जखयोल को 13, राजकीय माध्यमिक पाठशाला बलोखर को 23 तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला जखयोल के विद्यार्थियों को 5 साइकिलें प्रदान की गईं।




मुख्यातिथि ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, पर्यावरण संरक्षण, नियमित विद्यालय उपस्थिति तथा अनुशासित जीवन के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि साइकिलें विद्यार्थियों की विद्यालय तक पहुंच को सुगम बनाकर उनके शैक्षिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।







कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति का संदेश भी दिया गया तथा विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय प्रधानाचार्य तेज सिंह ने इस सराहनीय पहल के लिए अरुण सरीन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा।


कार्यक्रम में मुख्याध्यापिका किरण कुमारी ,जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम, 7 स्टार स्कूल के प्रबंध निदेशक कुलदीप गुलेरिया , स्थानीय पंचायत प्रधान सविता मिन्हास, पूर्व पंचायत समिति सदस्य सुशीला शर्मा, पंचायत समिति सदस्य मनोज कुमार , अमर चंद लाली, प्रधानाचार्य शिशुपाल , शिक्षकगण, अभिभावक एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।























