



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य एवं तस्करी निषेध दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जंगलवेरी में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों के बीच भाषण प्रतियोगिता एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित करवाई गई।

जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।




इस अवसर पर जन शिक्षा एवं संप्रेषण अधिकारी श्री सुनील रांगरा ने बच्चों को नशे के सेवन से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से कमजोर बना देता है।







नशे का सेवन करने वाला व्यक्ति परिवार और समाज में विवादों का कारण बन सकता है तथा कई बार स्वयं को भी नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि नशा व्यक्ति को तनाव की ओर ले जाता है और नशीले पदार्थों का व्यापार करना कानूनन अपराध है, जिसके लिए जुर्माना एवं कारावास दोनों हो सकते हैं।



भाषण प्रतियोगिता एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।



इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री संजीव ठाकुर ने बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस जागरूकता शिविर के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।


इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से बीसीसी कोऑर्डिनेटर सलोचना तथा अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहे


















