बारीं और लंबलू में भी नुक्कड़ नाटक और गीत-संगीत से की नशे का विरोध करने की अपील 

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस और नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आम लोगों को गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जागरुक करने के लिए जिला हमीरपुर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहयोग से एक विशेष अभियान शुरू किया है।

इस अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध सांस्कृतिक दलों के लोक कलाकार लोगों को गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवा रहे हैं।

इसी कड़ी में शुक्रवार को हमीरपुर उपमंडल के ग्राम पंचायत बारीं और लंबलू में भी जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध सरस्वती कला मंच के लोक कलाकारों ने विमला राठौर की अगुवाई में लोगों को जागरुक किया।

इन लोक कलाकारों ने गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी तथा नशे की समस्या को रोकने के लिए सरकार की ओर से उठाए जा रहे विभिन्न कदमों की जानकारी दी।

बारीं में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम में पंचायत प्रधान राजीव चौहान भी उपस्थित रहे। इस अभियान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इससे नशा विरोधी अभियान को एक जन आंदोलन का रूप मिलेगा। उन्होंने पंचायत वासियों से नशा विरोधी अभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील भी की।

[post-views]