पहली जॉब को एक ट्रेनिंग समझें, स्किल अपग्रेड करें : राजेश धर्माणी

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने युवाओं से अपील की है कि वे कॉरपोरेट सेक्टर में अपनी पहली जॉब को एक ट्रेनिंग की तरह समझें और अपने स्किल्स को लगातार अपग्रेड करते रहें। इससे उनका कॅरियर संवरेगा और वे जीवन में बहुत बड़ी सफलता हासिल कर सकेंगे।

टीसीपी, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री ने किया मैगा जॉब फेयर का शुभारंभ

शनिवार को यहां बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू, हमीरपुर के परिसर में आयोजित मैगा जॉब फेयर का उदघाटन करते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के युवाओं को सरकारी क्षेत्र के साथ-साथ प्राइवेट सेक्टर में भी रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

युवाओं को बेहतर रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए विशेष प्रयास कर रही है प्रदेश सरकार

इसके लिए कैंपस इंटरव्यू, स्टार्ट अप योजना, राजीव गांधी स्वरोजगार योजना, कौशल विकास और अन्य योजनाओं के अलावा मैगा जॉब फेयर भी आयोजित करवाए जा रहे हैं। शिक्षण संस्थानों में नए रोजगारपरक कोर्स आरंभ किए जा रहे हैं। स्किल यूनिवर्सिटी भी स्थापित की जा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू कैबिनेट की हर बैठक में इन सभी योजनाओं की समीक्षा करते हैं।

शिक्षण संस्थानों में नए रोजगारपरक कोर्स किए जा रहे हैं आरंभ, स्किल यूनिवर्सिटी भी खोलेंगे

मैगा जॉब फेयर के आयोजन की सराहना करते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि  इसमें कॉरपोरेट सेक्टर की 32 बड़ी कंपनियों की मौजूदगी युवाओं के लिए बहुत बड़ा अवसर है। पिछली बार घुमारवीं में आयोजित किए गए इसी तरह के मैगा जॉब फेयर में लगभग 700 युवाओं को नौकरी मिली थी और इनमें से 535 युवा अब अच्छे पदों पर कार्यरत हैं।

राजेश धर्माणी ने कहा कि ऐसे आयोजन से युवाओं को कॉरपोरेट सेक्टर की बड़ी कंपनियों के अधिकारियों के साथ सीधी इंटरएक्शन और अपने व्यक्तिगत स्किल के आधार पर रोजगार मिलता है।

इस अवसर पर चेयरमैन हरप्रीत सिंह, डॉ विनीत ठाकुर, डॉ. आशीष रैणा, डॉ. नितिन अरोड़ा, बहुतकनीकी महाविद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर और अन्य अधिकारियों ने भी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम में राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, कौशल विकास निगम की जिला समन्वयक निशा कटोच और कांग्रेस के कई नेता भी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

[post-views]