चौथी जिला तैराकी प्रतियोगिता का सफल आयोजन, 75 तैराकों ने दिखाया दमखम

हमीरपुर/ सूर्य शर्मा:-    जिला हमीरपुर तैराकी संघ द्वारा चौथी हमीरपुर जिला तैराकी प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन अलमाइटी पब्लिक स्कूल, हमीरपुर के स्विमिंग पूल परिसर में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों से आए 75 प्रतिभाशाली तैराकों ने विभिन्न आयु वर्गों एवं स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश तैराकी संघ के महासचिव  ईशान अख्तर ने किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त उपनिदेशक  राकेश कुमार वालिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जिला हमीरपुर तैराकी संघ के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

 

इस प्रतियोगिता का आयोजन जिला हमीरपुर तैराकी संघ की अध्यक्ष सीए पूजा मिन्हास के नेतृत्व में तथा अलमाइटी पब्लिक स्कूल के चेयरमैन  कुलवीर सिंह के मार्गदर्शन एवं सहयोग से किया गया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित एवं खेल भावना के अनुरूप किया गया।

 

प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सभी मुकाबले निष्पक्ष एवं तकनीकी नियमों के अनुसार सम्पन्न कराए गए। प्रत्येक स्पर्धा के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर मुख्य अतिथि  ईशान अख्तर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि तैराकी केवल एक खेल नहीं, बल्कि जीवन रक्षक कौशल भी है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा जिला हमीरपुर तैराकी संघ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

विशिष्ट अतिथि  राकेश कुमार वालिया ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक समान मंच प्रदान करती हैं तथा बच्चों में आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का विकास करती हैं।

जिला हमीरपुर तैराकी संघ की अध्यक्ष सीए पूजा मिन्हास ने बताया कि इस प्रतियोगिता के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगामी हिमाचल प्रदेश राज्य तैराकी प्रतियोगिता, जो जुलाई माह में सोलन में आयोजित होगी, में हमीरपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि वे राज्य स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करेंगे।

 

कार्यक्रम के अंत में अलमाइटी पब्लिक स्कूल के चेयरमैन श्री कुलवीर सिंह ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव खेलों के विकास एवं युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

 

अंत में जिला हमीरपुर तैराकी संघ की ओर से अलमाइटी पब्लिक स्कूल, हमीरपुर के प्रबंधन, शिक्षकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों, स्वयंसेवकों, तकनीकी अधिकारियों एवं आयोजन समिति का सफल आयोजन में दिए गए अमूल्य सहयोग, उत्कृष्ट व्यवस्थाओं एवं अथक परिश्रम के लिए विशेष धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया।

[post-views]