45 वर्षीय महिला से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

 

हमीरपुर:-  हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। महिला थाना क्षेत्र के एक गांव में 45 वर्षीय महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़िता की शादी वर्ष 2000 में हुई थी। परिवार का कहना है कि महिला और उसका बेटा मानसिक रूप से परेशान हैं। आरोप है कि आरोपी पिछले करीब छह महीने से महिला को बहला-फुसलाकर तथा शराब पिलाकर उसका यौन शोषण करता रहा।

परिजनों के अनुसार, कुछ महीने पहले महिला राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे आपत्तिजनक अवस्था में मिली थी। ग्रामीण उसे सुरक्षित घर ले आए थे, लेकिन बाद में वह फिर मायके से लापता हो गई।

 

बताया गया कि 17 जून को वह मायके से ससुराल के लिए निकली थी, लेकिन वहां नहीं पहुंची। इसके बाद 24 जून को गांव की कुछ महिलाओं ने उसे सड़क किनारे लावारिस हालत में देखा और परिवार तक पहुंचाया।

 

घर लौटने पर पीड़िता ने परिजनों को बताया कि आरोपी ने उसे श्मशानघाट के पास बने एक शेड में रखा हुआ था और उसके साथ दुष्कर्म किया।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने बताया कि दुष्कर्म की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

[post-views]