



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- डीएवी लझयाणी द्वारा डीएवी क्लस्टर-2 निशानेबाजी प्रतियोगिता 2026-27 का सफल आयोजन कैरियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी में किया गया। समारोह की शुरुआत डीएवी पब्लिक स्कूल लझयाणी के प्रधानाचार्य सुनील ठाकुर के प्रेरक स्वागत भाषण और छात्राओं द्वारा प्रस्तुत एक भावपूर्ण स्वागत गीत के साथ हुई।

इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध नौसेना अधिकारी कमांडर साजन कुमार ने किया, जबकि संस्कारी योग गुरु डॉ. राम अवतार और क्लस्टर हेड व डीएवी ग्रयोह के प्रधानाचार्य संजीव ठाकुर ने सम्मानित अतिथि के रूप में इस अवसर की शोभा बढ़ाई।



प्रतिष्ठित गणमान्य प्रोफेसर कुन्दन लाल सह निदेशक , सैन्य प्रशिक्षण केंद्र, कैरियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी की उपस्थिति से यह कार्यक्रम और समृद्ध संपन्न हुआ।इस आयोजन में डीएवी घुमारवीं और डीएवी ग्रयोह के लगभग 55 निशानेबाजों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।






प्रतियोगिता का अंत मेडल और ट्रॉफी वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अंडर- 14,17 व 19 वर्ग में डीएवी ग्रयोह की छात्र-छात्राओं की टीम विजेता रही और डीएवी घुमारवीं की टीम उप-विजेता रही।


प्रतियोगिता ने न केवल छात्रों को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, बल्कि उनमें अनुशासन,आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता को भी बढ़ाया है।























