



तरनतारन/पंजाब:- पंजाब के तरनतारन जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। पत्नी को मायके से ससुराल ले जाने पहुंचे युवक को उसके साले ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया।

बचाने आई भाभी की भी मौत




इस दौरान बीच-बचाव करने आई युवक की भाभी भी आग की चपेट में आ गई और दोनों की मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो अब सामने आया है, जिसमें कहासुनी, हाथापाई और फिर आग लगने के बाद अफरा-तफरी का मंजर दिखाई दे रहा है।






पुलिस के अनुसार यह घटना 13 जून को तरनतारन के गांव संघा में हुई। मृतक की पहचान अमृतसर जिले के गांव लोपोके निवासी लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है।


बताया जा रहा है कि लवप्रीत अपनी पत्नी संदीप कौर को मनाकर वापस ससुराल ले जाने के लिए उसके मायके पहुंचा था। इसी दौरान ससुराल पक्ष के साथ उसकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।



आरोप है कि विवाद बढ़ने पर लवप्रीत का साला साजन सिंह पेट्रोल की बोतल लेकर आया और उसने अपने जीजा पर पेट्रोल डाल दिया। आग लगने के बाद लवप्रीत को बचाने के लिए उसकी भाभी आगे आई, लेकिन वह भी लपटों में घिर गई।


दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। आग की चपेट में आरोपी साजन सिंह भी झुलस गया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने बचा लिया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है, जिसमें पहले कहासुनी और हाथापाई होती दिख रही है, फिर अचानक आग लगने के बाद लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आते हैं।
पुलिस ने आरोपी साजन सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।


















